- सामाजिक सेवा में सदैव अग्रणी हजारीबाग यूथ विंग छठ जैसे महापर्व पर भी कर रही है अद्भुत कार्य” – सांसद मनीष जायसवाल
- हमारा हर प्रयास समाज के प्रति समर्पित है, छठ पर्व पर सेवा का यह आयोजन उसी भावना का प्रतीक है” – चंद्र प्रकाश जैन
हजारीबाग। आगामी 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाले छठ पूजन सामग्री वितरण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर हजारीबाग यूथ विंग Hazaribagh Youth Wing के पदाधिकारियों ने सांसद मनीष जायसवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर संस्था के सचिव रितेश खंडेलवाल और उपाध्यक्ष विकास तिवारी ने सांसद महोदय को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया।
सांसद मनीष जायसवाल ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि यदि वे हजारीबाग में उपस्थित रहे, तो निश्चित रूप से कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि बिहार चुनावों को लेकर व्यस्तता अधिक है, किंतु हजारीबाग यूथ विंग की यह सामाजिक पहल सराहनीय है। लगातार तीसरे वर्ष इस सेवा कार्यक्रम का आयोजन कर संस्था ने छठ महापर्व की श्रद्धा और सेवा भाव को सशक्त रूप से जीवित रखा है। सांसद ने संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल, संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन और सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई दी और समाजहित में निरंतर ऐसे कार्य करते रहने की प्रेरणा दी।
संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए कूपन वितरण का कार्य 23 अक्टूबर संध्या 6 बजे तक किया जाएगा। वहीं, 24 अक्टूबर सुबह 10:30 बजे से यह भव्य छठ सेवा कार्यक्रम विधिवत रूप से प्रारंभ होगा, जो के.बी. सहाय मार्ग स्थित खजांची तालाब के निकट आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं और सभी सदस्य आयोजन की सफलता के लिए पूरे उत्साह से जुटे हुए हैं।
कार्यक्रम संयोजक जयप्रकाश खंडेलवाल ने बताया कि हजारीबाग यूथ विंग द्वारा लगातार तीसरे वर्ष आयोजित यह सेवा कार्यक्रम समाजसेवा, सहयोग और आस्था का प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा।

