एक जागरूक ग्रामीण की सतर्कता और नागरिक सामाजिक संगठन तथा प्रशासन की तत्परता से बिहार के अररिया जिले में दो नाबालिगों का बाल विवाह रुकवाने में सफलता मिली। अररिया के सिकटी प्रखंड की एक पंचायत में नाबालिग लड़के और लड़की की शादी की तैयारी की सूचना मिलते ही जागरण कल्याण भारती, फारबिसगंज और जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की। दोनों परिवारों को बाल विवाह के कानूनी प्रावधानों और इसके दुष्परिणामों की जानकारी देकर समझाया गया। इसके बाद पंचायत बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें दोनों पक्षों ने लिखित रूप से सहमति दी कि बालिग होने के बाद ही उनकी शादी होगी।
जागरण कल्याण भारती, फारबिसगंज को एक ग्रामीण ने मोबाइल फोन पर सूचना दी कि सिकटी प्रखंड की एक पंचायत में बाल विवाह होने जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लड़की की उम्र 13 और लड़के की 19 साल है। जागरण कल्याण भारती ने जिला प्रशासन अररिया को ये जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई शुरू की। जागरण कल्याण भारती, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (जेआरसी) का सहयोगी संगठन है। जेआरसी बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए जमीन पर काम करने वाला नागरिक समाज संगठनों का देश का सबसे बड़ा नेटवर्क है।
प्रखंड विकास अधिकारी, सिकटी ने पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव, सिकटी थानाध्यक्ष, अनुमंडल अधिकारी अररिया और जिला अधिकारी अररिया को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पंचायत के मुखिया, जागरण कल्याण भारती की टीम और सिकटी के बाल कल्याण अधिकारी ने दोनों परिवारों से संपर्क किया। उन्हें बाल विवाह निषेध अधिनियम और इसके तहत होने वाली कानूनी कार्रवाई के बारे में बताया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचायत बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों परिवारों का 500, 500 रुपये के स्टांप पेपर पर लिखित सहमति पत्र तैयार किया गया। इसमें स्पष्ट किया गया कि लड़की के 18 वर्ष और लड़के के 21 वर्ष की उम्र पूरी होने के बाद ही विवाह किया जा सकता है। साथ ही, सहमति की शर्तों का उल्लंघन करने पर संबंधित पक्षों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात भी दर्ज की गई। बैठक में मौजूद लोगों और दोनों परिवारों ने सहमति पत्र पढ़ने के बाद उस पर अपने हस्ताक्षर किए। इस पूरी कार्रवाई की लिखित सूचना पंचायत के मुखिया की ओर से जिला अधिकारी अररिया, अनुमंडल अधिकारी अररिया, प्रखंड विकास अधिकारी सिकटी, थानाध्यक्ष सिकटी और जागरण कल्याण भारती, फारबिसगंज के अध्यक्ष को भी दी गई।
जागरण कल्याण भारती, फारबिसगंज के अध्यक्ष संजय कुमार ने कहा, “यह सफलता लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का परिणाम है। जागरण कल्याण भारती और जिला प्रशासन अररिया के संयुक्त प्रयासों से लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान में धर्मगुरुओं, स्कूलों के छात्र-छात्राओं, पंचायत बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों और प्रखंड बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों को भी जोड़ा गया है। बैठकों और जनजागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है।” उन्होंने कहा कि बाल विवाह जैसे अपराध को रोकने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी भी बेहद जरूरी है।

