मुंबई, 17 अप्रैल 2026: जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राजा शिवाजी’ का पहला एंथम ‘छत्रपति’ रिलीज़ कर दिया है। यह फिल्म महान योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष और गौरवशाली विरासत को बड़े पर्दे पर पेश करती है।
इस भव्य एंथम को संगीतकार जोड़ी अजय–अतुल ने कंपोज़ किया है, जबकि अजय गोगावले की दमदार आवाज़ ने इसे और प्रभावशाली बना दिया है। खास बात यह है कि गाने में 80 सिंगर्स का विशाल कोरस शामिल है, जो इसकी भव्यता को कई गुना बढ़ाता है। ‘छत्रपति’ एंथम हिंदवी स्वराज्य के आत्मसम्मान, साहस और गर्व की भावना को जीवंत करता है।
गाना सिर्फ अपने स्केल के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी गहरी भावनाओं के लिए भी खास है। इसके सशक्त बोल, प्रभावशाली संगीत और इमोशनल टोन श्रोताओं को सीधे दिल से जोड़ते हैं। यह एंथम केवल एक महान राजा की कहानी नहीं, बल्कि पूरे समाज के जागरण और स्वराज्य की स्थापना की प्रेरणादायक गाथा को दर्शाता है।
इस गाने की कोरियोग्राफी मशहूर डांसर और कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा ने की है। हर स्टेप को संगीत के साथ बारीकी से गढ़ा गया है, जिसमें एकता, गर्व और अपने राजा के प्रति अटूट सम्मान साफ झलकता है।
अजय–अतुल ने गाने को लेकर कहा, “हमारे लिए यह सिर्फ एक बड़ा गाना नहीं था, बल्कि एक जिम्मेदारी थी। इसमें भावना, सच्चाई और सम्मान होना बेहद जरूरी था। हर सुर में गर्व है, लेकिन उसके साथ एक गहरी जिम्मेदारी भी जुड़ी है। अगर यह गाना लोगों के दिलों को छू सके, तो वही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।”
फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते, जिनिलीया देशमुख और रितेश देशमुख जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन रितेश देशमुख ने किया है।
ज्योति देशपांडे और जिनिलीया देशमुख द्वारा निर्मित यह फिल्म 1 मई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में मराठी और हिंदी भाषा में रिलीज़ होगी।
‘राजा शिवाजी’ का ‘छत्रपति’ एंथम अब सभी प्रमुख म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है।

