रोहतास (बिहार)। गोपाल नारायण सिंह यूनिवर्सिटी, जमुहार में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय रक्तदाता महाकुंभ 2.0 में झारखंड के रक्तमित्र विवेक केशरी को स्वैच्छिक रक्तदान एवं रक्तदान जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विपिन कुमार चौधरी CID डायरेक्टर बिहार एवं डॉ आशुतोष सिंह (BHU) द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
दो दिवसीय इस कार्यक्रम का आयोजन बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी (BSACS), पथ प्रदर्शक (NGO) एवं गोपाल नारायण सिंह यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में भारत के 24 राज्यों के लगभग 120 प्रतिनिधियों के साथ नेपाल एवं भूटान के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्वैच्छिक एवं सुरक्षित रक्तदान को बढ़ावा देना तथा समाज में फैली रक्तदान संबंधी भ्रांतियों को दूर करना था।

इस अवसर पर विवेक केशरी को 40 बार स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा युवाओं को रक्तदान के प्रति प्रेरित करने के लिए सम्मानित किया गया। उनकी संस्था रक्तमित्र के माध्यम से अब तक 8,000 से अधिक यूनिट रक्तदान कराया जा चुका है। संस्था ने थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया, कैंसर, दुर्घटना एवं प्रसूति जैसे गंभीर मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उल्लेखनीय है कि विवेक केशरी इससे पूर्व दिल्ली, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार एवं झारखंड सहित देश के अनेक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों में रक्तदान सेवा के क्षेत्र में सक्रिय सहभागिता निभा चुके हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने रक्तदान को “महादान” बताते हुए अधिक से अधिक युवाओं से नियमित स्वैच्छिक रक्तदान करने और समाज को जागरूक बनाने का आह्वान किया।

