हजारीबाग: चुरचू प्रखंड के चरही घाटी स्थित नन्हें हनुमान मंदिर परिसर में मंगलवार सुबह धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्य अतिथि हजारीबाग के महापौर अरविन्द कुमार राणा की उपस्थिति में श्रद्धालुओं ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद मंदिर के विकास एवं प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता फूलेश्वर महतों ने की, जिसमें मंदिर के समग्र विकास के लिए कई अहम प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगी। बैठक में सैंड स्टोन से भव्य मंदिर निर्माण, श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं बिजली की समुचित व्यवस्था, मंदिर के नाम से बैंक खाता खोलने तथा अस्थायी मंदिर प्रबंधन समिति के गठन का निर्णय लिया गया।
नन्हें हनुमान मंदिर समिति का गठन
बैठक में सर्वसम्मति से नन्हें हनुमान मंदिर समिति का गठन किया गया। समिति के पदेन अध्यक्ष चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार बनाए गए।
समिति के प्रमुख पदाधिकारी इस प्रकार हैं—
- उपाध्यक्ष: उमेश कुमार सिंह एवं चोलेश्वर महतों
- सचिव: महादेव विश्वकर्मा
- सह सचिव: रमेश प्रसाद यादव
- कोषाध्यक्ष: रमेश कुमार
- व्यवस्था प्रमुख: मुरारी सिंह
- संपर्क प्रमुख: नीलकंठ महतों
- चुरचू प्रखंड ग्राम समन्वयक प्रमुख: फूलेश्वर महतों
- पुजारी: राम ललन पंडित एवं जितेंद्र पंडित
- प्रचार-प्रसार प्रमुख: सरजू महतों
- मीडिया प्रभारी: सुशांत लाल वर्णवाल
इसके अलावा जिला परिषद सदस्य बासुदेव करमाली सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय प्रतिनिधियों को संरक्षक मंडल में शामिल किया गया। वहीं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।

वृक्षारोपण अभियान की हुई शुरुआत
बैठक के दौरान मंदिर परिसर में हरित वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत भी की गई। समिति ने निर्णय लिया कि अगले मंगलवार को क्षेत्र के सभी श्रद्धालु अपने बच्चों के साथ मंदिर परिसर पहुंचकर पौधारोपण करेंगे। समिति का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी जनआंदोलन का रूप देना है।
सैकड़ों श्रद्धालु रहे उपस्थित
कार्यक्रम में समिति के नवगठित पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने मंदिर निर्माण और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया।

