रांची। प्रसिद्ध लेखिका, सामाजिक कार्यकर्ता और उद्यमिता विशेषज्ञ डॉ. ख्याति मुनजल ने हाल ही में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपनी नवीनतम पुस्तक भूमि झारखंड : उदय सफलताओं मुख्यमंत्री को भेंट की। यह पुस्तक राज्य की महिला उद्यमियों की प्रेरक कहानियों, उत्पादनशीलता और सामाजिक सरोकारों पर आधारित है।
मुख्यमंत्री सोरेन ने डॉ. मुनजल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए ऐसे साहित्यिक और सामाजिक प्रयास महत्वपूर्ण हैं।
डॉ. मुनजल ने बताया कि झारखंड जैसे संसाधन-सीमित प्रदेश में भी आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की राह पर अग्रसर महिलाएं आज सफलता की नई मिसालें गढ़ रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह पुस्तक समाज को प्रेरित करने के साथ-साथ महिला उद्यमियों की संघर्षगाथा और उपलब्धियों को भी उजागर करती है।
डॉ. मुनजल द्वारा आगामी कार्यक्रम भूमि झारखंड इवेंट – 2 में भी कई नई योजनाओं और सामाजिक सरोकारों को प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी सोच केवल आर्थिक उत्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता से जुड़े क्षेत्रों में समाज सेवा के विस्तार तक है।
उन्होंने अपने पीआर उपक्रम Charitable Charms के जरिए कई सामाजिक अभियानों को सफलतापूर्वक संचालित किया है। यह संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता से जुड़ी परियोजनाओं पर कार्य कर रही है।
डॉ. मुनजल ने बताया कि झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर, सामाजिक नवाचार और महिलाओं के सराहनीय योगदान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना उनका उद्देश्य है।

