बिहार की राजनीति में एक नई और दिलचस्प एंट्री देखने को मिल रही है। कभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद करीबी रहे आरसीपी सिंह की बेटी लता सिंह ने अब खुद राजनीतिक पारी शुरू करने का एलान कर दिया है। खास बात यह है कि लता सिंह ने अपनी राजनीति की शुरुआत नीतीश कुमार के ही गढ़ माने जाने वाले नालंदा जिले की अस्थावां विधानसभा सीट से करने का फैसला किया है। वे जन सुराज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी।
कौन हैं लता सिंह?
लता सिंह पेशे से वकील हैं और सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता के तौर पर वर्षों का अनुभव रखती हैं। उनके पिता आरसीपी सिंह पहले एक काबिल IAS अधिकारी रह चुके हैं और बाद में नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के कद्दावर नेता बने। वे केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। हालांकि अब वे जेडीयू छोड़कर प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का हिस्सा हैं। राजनीति का माहौल लता सिंह ने अपने घर में ही देखा है और वहीं से उन्हें प्रेरणा मिली।
लता सिंह का कहना है?
मैंने कई सालों से राजनीति को नजदीक से देखा है और पिता से बहुत कुछ सीखा है। मेरे मन में हमेशा से बिहार के लिए कुछ करने का जज्बा था, और इसी कारण मैंने राजनीति में आने का निर्णय लिया हैवे कहती हैं कि राजनीति उनके लिए सिर्फ सत्ता तक पहुंचने का रास्ता नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम है। वे अपने चुनाव क्षेत्र अस्थावां को एक मॉडल विधानसभा क्षेत्र बनाना चाहती हैं।
नीतीश कुमार को लेकर क्या कहा?
राजनीति में कदम रखने की घोषणा करते हुए लता सिंह ने नीतीश कुमार के लिए सम्मान तो जाहिर किया, लेकिन उनके पुराने और वर्तमान व्यक्तित्व में अंतर भी साफ-साफ बताया।नीतीश जी का हमारे दिल में हमेशा सम्मान रहेगा। लेकिन अब वे पहले जैसे नीतीश कुमार नहीं रहे। फिर भी वे हमारे लिए सम्माननीय हैं।”
इस बयान से साफ है कि लता सिंह और उनका परिवार नीतीश कुमार की मौजूदा नीतियों और कार्यशैली से संतुष्ट नहीं हैं, और यही कारण है कि वे अब जन सुराज के मंच से बदलाव की राजनीति करना चाहती हैं। एक समय नीतीश कुमार के भरोसेमंद सिपाही रहे आरसीपी सिंह की बेटी अब उन्हीं के गढ़ में उन्हें चुनौती देने आ रही हैं। लता सिंह की छवि पढ़ी-लिखी, पेशेवर और युवा चेहरा होने के कारण युवाओं और शहरी मतदाताओं को आकर्षित कर सकती है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या लता सिंह अस्थावां में जेडीयू के किले में सेंध लगा पाएंगी या नहीं।